विधायक राजीव तरारा ने किया लैब एवं स्मार्ट क्लासेज का उद्घाटन

गजरौला के ज्ञान भारती इंटर कालेज में जेबीएफ ने बनाई एक लैब एवं दो स्मार्ट क्लासेज
जिला विद्यालय निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह भी रहे मौजूद, कालेज प्रबंधन ने की प्रशंसा
नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। मंडी धनौरा के भाजपा विधायक राजीव तरारा ने कहा कि पढ़लिखकर ही सफलता की बुलंदियों को छुआ जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार घर-घर शिक्षा की ज्योति जलाने के लिए क़ृत संकल्प है और इसके लिए कई योजनाएं भी चला रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता के साथ ही शिक्षक और देश का भी नाम रोशन करने का आह्वान किया।
बुधवार को गजरौला में स्थित ज्ञान भारती इंटर कालेज में विधायक राजीव तरारा ने जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन द्वारा स्थापित दो स्मार्ट क्लासेज एवं एक विज्ञान प्रयोगशाला का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों में जुबिलेंट के योगदान की प्रशंसा की। वहां मौजूद छात्र-छात्राओं ने विधायक एवं अतिथियों को प्रयोगशाला एवं स्मार्ट क्लासेज का भ्रमण भी कराया। विधायक राजीव तरारा ने सभी से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। जिला विद्यालय निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह ने कहा कि कालेजों में लैब और स्मार्ट क्लासेज से शिक्षा का स्तर भी सुधरता है। जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड के यूनिट हेड हितेंद्र अवस्थी ने भी छात्र-छात्राओं को शिक्षा का महत्व समझाया। जुबिलेंट में निदेशक जनसंपर्क सुनील दीक्षित ने बताया कि गजरौला एवं मंडी धनौरा ब्लाक के पांच विद्यालयों में इस तरह की स्मार्ट क्लासेज एवं प्रयोगशालाएं बनवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन प्राथमिक के साथ ही माध्यमिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने बताया कि एक लैब एवं दो स्मार्ट क्लासेज बनाने में लगभग पांच लाख रुपये खर्च होते हैं। कालेज के प्रधानाचार्य पवन गिरि गोस्वामी, प्रबंधक रोहताश शर्मा एवं अध्यक्ष नवीन कुमार सिंघल ने भी जुबिलेंट प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सीएएसआर कार्यक्रम अधिकारी विकास कुमार, श्रेया वर्मा आदि भी मौजूद रहे।








