अमरोहा में राजेश कुमार त्यागी ने 29 वें जिलाधिकारी के रूप में किया कार्यभार ग्रहण, जनता की समस्याओं का शीघ्रता से कराएंगे निस्तारण

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार में पहुंचकर जनपद के 29 वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया । गार्ड आफ आनर के बाद जिलाधिकारी ने मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया । तत्पश्चात जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया । उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी मन लगाकर कार्य करें। किसी भी स्थित में जनपद की रैंकिंग पिछड़नी नहीं चाहिए। जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन ईमानदारी से करें।
मीडिया से वार्ता में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की मंशानुरूप सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन कराया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। कहा कि समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति को योजना से सीधा जोड़ा जाएगा । शासन द्वारा जो भी योजनाएं चलाई जा रही हैं वे पात्र तक निष्पक्ष, पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पहुंचाना ही उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भगवान शरण, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अमरेंद्र प्रताप, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतिभा सिंह, मुख्य कोषाधिकारी, उपजिलाधिकारी हसनपुर, नौगावां सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बता दें कि नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी मूलतः प्रांतीय सेवा के अधिकारी हैं। जिन्हें 2012 में आईएएस का दर्जा प्राप्त हुआ था । इन्होंने सर्वप्रथम भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा ग्रुप ए से अपनी सेवा प्रारंभ की थी। तत्पश्चात प्रांतीय सेवा में आने में सर्वप्रथम उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में प्रांतीय सेवा की शुरुआत की थी । 2012 में आईएएस का दर्जा प्राप्त होने के पश्चात देवरिया जिले के मुख्य विकास अधिकारी, एडिशनल कमिश्नर झांसी ,विशेष सचिव राज्य कर, विशेष सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण में सेवाएं देने का अवसर प्राप्त हुआ। अब सचिव रेरा से स्थांतरित होकर जिलाधिकारी अमरोहा के रूप में तैनाती सरकार द्वारा दी गई है ।








