श्री वेंक्टेश्वरा में रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर मनाया गया ’’विश्व प्रसन्नता दिवस’’

नवनीत अग्रवाल
अमरोहा। जनपद के गजरौला में स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय/संस्थान में’’इन्टरनेशनल डे ऑफ हैप्पीनेस’’ धूमधाम से मनाया गया। संस्थान प्रबन्धन एवं स्टॉफ ने रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर एक दूसरे को फूल भेंटकर एवं भण्डारा लगाकर खुशी का इजहार किया। समूह चेयरमैन डाक्टर सुधीर गिरि ने कहा कि हमें प्रसन्नता बाहृय चीजों से कभी भी नहीं मिल सकती। सदैव हर परिस्थिति में प्रसन्न रहने का एकमात्र तरीका स्वयं के अर्न्तमन को संतुष्ट करना है।
सोमवार को श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय/संस्थान के डॉक्टर सीवी रमन सभागार में ’’इन्टरनेशनल डे ऑफ हैप्पीनेस’’ पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ चेयरमैन डॉक्टर सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डॉक्टर राजीव त्यागी, सीईओ अजय श्रीवास्तव एवं कुलपति डॉक्टर राकेश यादव आदि ने सरस्वती माँ की प्रतिमा के सन्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया।
अपने सम्बोधन में समूह चेयरमैन डॉक्टर सुधीर गिरि ने कहा कि महात्मा बुद्ध ने कहा था कि ’’मैं भीतर गया, तो मैं भी ’’तर’’ गया, मलतब सच्ची एवं स्थायी खुशी पाने के लिए आपको बाहृय/भौतिक दुनिया छोड़कर अपने अन्दर जाना होगा। उन्होने आगे कहा कि ’’किसी एक आदमी की मदद करके आप पूरी दुनिया बदल नहीं सकते, लेकिन आपका यह प्रयास उस व्यक्ति की पूरी दुनिया बदल सकता है। इस अवसर पर उन्होंने गरीब लोगों के लिए संस्थान परिसर में अनवरत चलने वाले भण्डारे का भी शुभारम्भ किया।
प्रतिकुलाधिपति डॉक्टर राजीव त्यागी ने कहा कि स्थायी खुशी एक दिन मनाने भर से नहीं, बल्कि प्रतिदिन ईश्वर के प्रति कृतज्ञता एवं अपने काम को शत्-प्रतिशत ईमानदारी से करते हुए समाज के अन्तिम छोर पर खड़े हुए व्यक्ति की मदद करने से मिलती है। उन्होने महात्मा बुद्ध की एक घटना का उदाहरण दिया। एक शिष्य द्वारा उनसे पूछा जाता है कि ’’उत्सव मनाने का सबसे श्रेष्ठ दिन कौन सा है, तो बुद्ध कहतें है कि मृत्यु से एक दिन पूर्व। शिष्य कहता है कि किसी को भी नहीं पता होता कि मेरी मृत्यु कब होगी, तो बुद्ध कहते हैं कि इसीलिए हर दिन को अपना आखिरी मानते हुए उसे उत्सव के रूप में मनाते हुए प्रतिदिन अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें।
कार्यक्रम को सीईओ अजय श्रीवास्तव, कुलपति डॉक्टर राकेश यादव एवं कुलसचिव डॉक्टर पीयूष पाण्डेय ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर मेरठ परिसर निदेशक प्रताप सिंह, अलका सिंह, दीपक, ब्रजपाल, डॉक्टर राजेश सिंह, नसीम अहमद, एमए चौधरी, विकास भाटिया, मारूफ चौधरी, विक्रांत चौधरी, विशाल शर्मा, एसएस बघेल, अरुण गोस्वामी, अभिषेक, डॉक्टर एसएन साहू, डॉक्टर सीपी कुशवाहा, डॉक्टर ऐना एरिक ब्राउन, डॉक्टर विवेक सचान, डॉक्टर रमेश चौधरी, डॉक्टर राजवर्द्धन, डॉक्टर योगेश्वर शर्मा, स्वाति सिंह, नीतूश्री पाल, प्रीतपाल एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि उपस्थित रहे।








