कुट्टू के आटे के सेवन से सात बीमार, हालत गंभीर

स्याना के नया गांव में हुई घटना, एफएसडी की टीम ने लिया नमूना
अक्षित अग्रवाल
स्याना (बुलंदशहर)। नगर के नया गांव निवासी एक ही परिवार के सात व्यक्तियों की कुट्टू के आटे के सेवन से तवियत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सातों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जिस दुकान से कुटटू खरीदा गया है वहां से विभागीय टीम ने नमूना ले जांच के लिए भेज दिया है तथा व्यापारी से पूछताछ की जा रही है।
रविवार को अष्टमी के व्रत के चलते लोगों ने कुट्टू के आटे का सेवन किया था। नया गांव निवासी अभय के परिवार वाले भी नगर स्थित शिव कुमार की दुकान से 250-250 ग्राम के पांच पैकेट कुट्टू के आटे के ले गए थे। परिजनों ने आटे का सेवन किया तो घर मे सात लोगों की अचानक तवियत बिगड़ गई। लोगों को उल्टी होने लगीं। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी सातों पीड़ितों को स्याना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने के कारण सभी को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद फ़ूड इंस्पेक्टर राजेश कुमार भी तीन सदस्यीय टीम के साथ व्यापारी शिव कुमार की दुकान पर पहुंचे तथा 250 ग्राम के कुट्टू के 33 पैकेट सील कर जांच के लिए भेज दिए। टीम व्यापारी से पूछताछ भी कर रही है।
ये हुए बीमार-
कशिश (18), युवांशी (7), ध्रुव (16), अभय (11), आरती (38), पूजा (32), संध्या (35)
फ़ूड इंस्पेक्टर ने कहा-
स्याना स्थित शिवकुमार की दुकान से कुट्टू का आटा बेचा गया था। 250 ग्राम के जिस पैकेट के कुट्टू के आटे के सेवन से हालत बिगड़ी है उसके 33 पैकेट सील कर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ ने कहा-
खाद्य विभाग का मामला है। खाद्य विभाग द्वारा लिए गए नमूने की जांच रिपोर्ट का बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभी कोई तहरीर भी नहीं मिली है।-भास्कर मिश्रा, सीओ स्याना






